
थाना कोतवाली हरदा पुलिस द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई
हरदा / आज को शाम 05 बजे से 06 बजे तक यातायात विभाग के कर्मचारी एवं अधिकारियों तथा थाना कोतवाली हरदा पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय एवं श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन तथा श्रीमान एसडीओपी हरदा के मार्गदर्शन में की गई।
उक्त निर्देशों के पालन में थाना प्रभारी रोशन लाल भारती कोतवाली हरदा द्वारा खंडवा बायपास पर चेकिंग प्वाइंट लगाया गया, जहां चार पहिया वाहनों में लगी अवैध काली फिल्मों को हटाते हुए चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही बिना नंबर प्लेट के चल रहे दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
इस अभियान के दौरान कुल 09 चालान किए गए, जिनमें से 05 चालान विशेष रूप से काली फिल्म लगे वाहनों के विरुद्ध किए गए।
हरदा शहर के नागरिकों से अपील की जाती है कि वे अपने वाहनों में लगी काली फिल्म को हटाकर ही वाहन का उपयोग करें तथा सभी दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों पर वैध रजिस्ट्रेशन नंबर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। साथ ही वाहन चलाते समय सीट बेल्ट एवं हेलमेट का उपयोग सुनिश्चित करें।
यातायात नियमों का पालन नहीं करने पर भविष्य में भी इसी प्रकार चालानी कार्रवाई जारी रहेगी।




















