
सुव्यवस्थित गेहूँ उपार्जन वर्तमान की सबसे बड़ी प्राथमिकता
उपार्जन केन्द्रों पर चाकचौबंद व्यवस्थाएं रहें जिला स्तर के अधिकारी करेंगे उपार्जन केन्द्रों का भ्रमण
पटवारी एवं ग्राम सचिव उपार्जन केन्द्रों पर निरन्तर मौजूद रहें
नर्मदा के घाटों पर चलने वाली नावों में सुरक्षा के सभी इंतजाम रहें-कलेक्टर
हरदा / कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने कहा कि जिले में सुव्यवस्थित गेहूँ उपार्जन जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिये है कि सभी उपार्जन केन्द्रों पर चाकचौबंद व्यवस्थाएं रहें। पटवारी एवं ग्राम पंचायत सचिव उपार्जन केन्द्रों पर निरन्तर उपस्थित रहकर व्यवस्थाएं देखें। जिला स्तर के अधिकारी भी आवंटित उपार्जन केन्द्रों पर पहुँचकर व्यवस्थाओं का सतत निरीक्षण करें। उन्होने अधिकारियों से कहा है कि कहीं भी ट्रेक्टर ट्रालियों की लंबी कतारें न लगें। किसानों द्वारा लाया जा रहा गेहूँ सुव्यवस्थित रूप से तुलवाया जाए। उपार्जन केन्द्रों पर नाप तौल कांटे भी पूरी तरह से जांचे परखे हों। सभी केन्द्रों पर हम्मालों की पर्याप्त व्यवस्था रहे।
सोमवार को आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिले में नर्मदा नदी के जिन घाटों से नावों के माध्यम से आवागमन होता है, वहां आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किये जाएं। प्रत्येक नाव पर समुचित संख्या में लाईफ जेकेट उपलब्ध रहें। जो नाव संचालन कर्ता सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कर रहें हो, उनकी नावों का संचालन तत्काल बंद करवाया जाए।
उन्होने जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले के सभी स्थानों पर मकानों की जनगणना का कार्य प्रारम्भ हो जाए, यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में स्वच्छता सर्वेक्षण की गतिविधियों की चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि आमजन का उपयोग किये जाने वाले नदियों के घाटों पर भी डस्टबिन रखवाया जाए। बैठक में विद्या आसन अभियान, संयुक्त कार्यालय भवन को आईएसओ प्रमाण-पत्र दिये जाने के कार्य की प्रगति एवं विभिन्न योजनाओं में उपलब्धियों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर श्री पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर श्री सतीश राय एवं सुश्री रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा श्री अशोक डेहरिया, एसडीएम टिमरनी श्री संजीव कुमार नागू व एसडीएम खिरकिया सुश्री शिवांगी बघेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



















