
हरदा पहुंचे चारखेड़ा के 200 किसान, मूंग खरीदी की सीमा बढ़ाने की मांग
हरदा / जिले में ग्रीष्मकालीन मूंग की फसल की शत प्रतिशत खरीदी की मांग को लेकर किसानों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। भारतीय किसान संघ ने जिला मुख्यालय स्थित कृषि उपज मंडी में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
ग्राम चारखेड़ा के 200 के लगभग किसान बाइक से हरदा पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने सरकार द्वारा मूंग की खरीदी की सीमा 1.20 किलोग्राम प्रति एकड़ तय किए जाने पर नाराजगी जताई। इस दौरान मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी भी की। किसानों का कहना है कि जिले में मूंग की औसत पैदावार 15 क्विंटल प्रति हेक्टेयर रही है। ऐसे में प्रति एकड़ 1.20 किलोग्राम खरीदी की सीमा उचित नहीं है।
उनका कहना है कि इससे लागत, मेहनत खाद जोखिम का सही मूल्य नहीं मिल पाता। किसानों के अनुसार, खरीदी सीमा कम होने के कारण उन्हें बची हुई उपज मंडी में कम कीमत पर बेचनी पड़ती है, जिससे आर्थिक नुकसान होता है।
सोयाबीन बीमा राशि देने की भी मांग भारतीय किसान संघ के जिला प्रवक्ता राजनारायण गोर ने कहा कि सरकार इस वर्ष को कृषि कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है, लेकिन किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार 1.20 किलोग्राम प्रति एकड़ के हिसाब से मूंग खरीद रही है, जबकि प्रति एकड़ 5 से 6 क्विंटल उत्पादन हुआ है। उन्होंने वर्ष 2025 की सोयाबीन बीमा राशि का जल्द वितरण करने की भी मांग की।



















