
हरदा विधायक डॉ. दोगने द्वारा शासकीय उ.मा.वि. मगरधा में किया गया विकास कार्यों का लोकार्पण
हरदा / हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा विधायक निधि वर्ष 2025-26 की राशि से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मगरधा में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का गुरूवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। विधायक निधि की 06 लाख रूपये की राशि से विद्यालय में आवश्यक अधोसंरचना एवं सुविधा विकास से जुड़े कार्य पूर्ण कराए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं सुविधाएँ मिलेगी।
विद्यालय को मिली उक्त सौगात के लिए शाला परिवार द्वारा विधायक डॉ. दोगने के सम्मान में शाला परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। सर्व प्रथम हरदा विधायक डॉ. दोगने द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। हरदा विधायक डॉ. दोगने द्वारा शाला में आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के दौरान कक्षा पहली के छात्र-छात्राओं को तिलक लगाकर प्रवेश दिलाया गया एवं कक्षा छठवीं एवं नौवी में प्रवेशित छात्र-छात्राओं को निशुल्क साइकिल एवं पाठ्यपुस्तक का वितरण किया गया।
इसके पश्चात् हरदा विधायक डॉ. दोगने द्वारा उपस्थित अतिथियों के साथ मिलकर शाला परिसर में किए गए विकास कार्यों का शिलान्यास किया व शाला के प्राचार्य माखनलाल झिंझौरे द्वारा हरदा विधायक डॉ. दोगने का पुष्पमाला पहनाकर आभार व्यक्त किया। शाला में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई।
हरदा विधायक डॉ. दोगने ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विकास कार्य उनकी प्राथमिकता है। विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण होने से छात्रों के सर्वांगीण विकास को बल मिलेगा। शिक्षा किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत होती है। हमारा संकल्प है कि हर बच्चे को बेहतर शिक्षा, आधुनिक सुविधएँ और सुरक्षित वातावरण मिले। क्षेत्र के हर विद्यालय को हम आदर्श विद्यालय बनाने का कार्य कर रहे है। जिससे हमारे बच्चे भविष्य में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सके। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा एवं जनहित से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की बात कही।
कार्यक्रम का संचालन शाला के शिक्षक विजेन्द्र परमार एवं मुकेश इवने द्वारा किया गया कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष गौरीशंकर शर्मा, संजय जैन, राकेश सूरमा, राघवेन्द्र पारे, शैतान सिंह राजपूत, माखन गौर, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने विकास कार्यों के लिए हरदा विधायक डॉ. दोगने विधायक का आभार व्यक्त किया।




















