
कृषि रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गांव गांव पहुंचेगी नई तकनीकी
हरदा / कार्यालय उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास जिला हरदा में रविवार को जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय कृषि रथ को ग्राम पंचायतो के लिये हरी झंडी दिखाकर रवानगी किया गया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष श्री राजेश वर्मा, कृषि स्थाई समिति के सभापति श्री ललित पटेल, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) हरदा श्री अशोक कुमार डेहरिया, उप संचालक कृषि श्री जे.एल. कास्दे, उप परियोजना संचालक (आत्मा) श्री अखिलेश पटेल, कृषि वैज्ञानिक डॉ. मुकेश कुमार बंकोलिया, पशुपालन डॉ. एस.एन. बांके तथा कृषि एवं कृषि से संबंद्ध विभाग उद्यानिकी, मत्स्य, कृषि, सहकारिता के अधिकारी एवं कृषक भाई उपस्थित थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया। 
उप संचालक कृषि श्री जे.एल. कास्दे ने बताया कि इस दौैरान उपस्थत जनप्रतिनिधियों ने कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर हरदा विकासखंड की ग्राम पंचायत रूपीपरेटिया व रन्हाईकलां के लिये रवाना किया गया। उन्होने बताया कि कृषि रथ के माध्यम से किसानों को कृषि एवं संबंद्ध विभाग की विभागीय योजनाओ तथा जैविक खेती, प्राकृतिक कृषि, मृदा स्वास्थ कार्ड, एकीकृत पोषक तत्व, फसल विविधिकरण, प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना, ई-विकास प्राणाली – पराली/नरवाई प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी जा रही है। साथ ही कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक द्वारा समसामायिक सलाह प्रदान की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि म.प्र. शासन, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा प्रदेश में वर्ष 2026 को “कृषि वर्ष“ के रूप में मनाये जाने के उपलक्ष्य में “कृषि रथ“ संचालन करने के निर्देश दिये गये है। जिले में वर्ष 2026 को “कृषि वर्ष“ के रूप में मनाये जाने एवं कृषि रथ के सफल संचालन में कृषि एवं संबद्ध विभाग तथा किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों के मध्य सीधा संपर्क कर नवीन एवं वैज्ञानिक तकनीकी सुधार की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से “कृषि रथ“ का संचालन जिले के तीनों विकासखंडो की ग्राम पंचायतो में किया जाएगा।




















