
बनारस-हड़पपुर-बनारस ट्रेन से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन एवं यात्री सुविधा को बढ़ावा मिलेगा – केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री डी.डी. उइके
हरदा में अमृत भारत एक्सप्रेस का हुआ भव्य स्वागत
हरदा / केन्द्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री श्री डी.डी. उइके ने कहा कि बनारस हडपसर बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस के प्रारम्भ होने से हरदा एवं आसपास के क्षेत्र को व्यापार, पर्यटन एवं यात्री सुविधा का बढ़ावा मिलेगा। यह ट्रेन आधूनिक रेल सुविधाओं से सुसज्जित है। इस ट्रेन का सबसे बड़ा लाभ मध्यम एवं सामान्य दर्जे के यात्रियों को होगा। उन्होने कहा कि इस ट्रेन के प्रारम्भ होने से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चल रही मांग पूरी हुई है। जिले में मिली इस सुविधा का स्वागत है।
श्री उइके बुधवार को हरदा में पहली बार अमृत भारत एक्सप्रेस पहुँचने पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. आर.के. दोगने, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गजेन्द्र शाह, पूर्व मंत्री श्री कमल पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राजेश वर्मा, सदस्य जेडआरयूसीसी रेल मंत्रालय भारत सरकार श्री सुयोग सोनी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेड़िया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। इस अवसर पर अतिथियों ने हरदा रेल्वे स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस का भव्य स्वागत किया एवं यहां से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। अतिथियों ने रेल चालक दल का भी शॉल, श्रीफल एवं पुष्पहार से स्वागत किया। अतिथियों ने इस ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों को भी शुभकामनाएं दी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. आर.के. दोगने ने कहा कि इस ट्रेन से जिले के यात्रियों को पूणे से बनारस के बीच आवागमन सुविधा मिलेगी। जिले के नागरिकों को इस ट्रेन की सुविधा मिलने पर शुभकामनाएं। उल्लेखनीय है कि अमृत भारत एक्सप्रेस का गत दिवस बनारस में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम में अपर मण्डल रेल प्रबन्धक श्री अविराम खरे ने अपने संबोधन में बताया कि 110 कि.मी. प्रति घण्टे की स्पीड तक चलने वाली इस अमृत भारत एक्सप्रेस को अत्याधूनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। इस ट्रेन में प्रत्येक सीट पर मोबाइल चार्जिंग एवं स्नेक टेबल की सुविधा रहेगी। ट्रेन की सीटों को आरामदायक बनाया गया है। ट्रेन में स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा गया है। इस ट्रेन में 22 कोच रहेंगे।
श्री खरे ने बताया कि गाड़ी संख्या 02531 बनारस-हडपसर-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन भोपाल मंडल के बीना, रानी कमलापति, नर्मदापुरम, इटारसी एवं हरदा स्टेशनों से होकर गुजरेगी। यह ट्रेन भोपाल मंडल के बीना में 05ः15 बजे पहुँचेगी तथा 05ः20 बजे प्रस्थान करेगी। इसी प्रकार रानी कमलापति में आगमन 07ः35 बजे, प्रस्थान 07ः40 बजे, नर्मदापुरम में आगमन 08ः50 बजे, प्रस्थान 08ः55 बजे, इटारसी में आगमन 09ः25 बजे, प्रस्थान 09ः30 बजे तथा हरदा में आगमन 10ः20 बजे तथा प्रस्थान 10ः25 बजे होगा। इसके पश्चात यह ट्रेन खंडवा, भुसावल, जलगांव, मनमाड, कोपरगांव, अहिल्यानगर एवं दौंड कॉर्ड लाइन होते हुए अगले दिन 00ः55 बजे हडपसर पहुंचेगी।



















