संभागायुक्त श्री तिवारी ने कलेक्ट्रेट की शाखाओं का निरीक्षण किया

संभागायुक्त श्री तिवारी ने कलेक्ट्रेट की शाखाओं का निरीक्षण किया

हरदा / संभागायुक्त श्री कृष्ण गोपाल तिवारी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय का निरीक्षण कर ई-ऑफिस प्रणाली के संचालन, स्थापना शाखा, एसी शाखा, एनआईसी, अधीक्षक कार्यालय, कलेक्टर न्यायालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली में आवक-जावक प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए संबंधित कर्मचारियों की दक्षता परखी। उन्होने निर्देशित किया कि सभी फाईलें ई-ऑफिस के माध्यम से ही प्रेषित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि संपूर्ण कलेक्ट्रेट की आवक-जावक प्रक्रिया सेंट्रलाइज्ड हो तथा पत्र मार्किंग के लिए कलेक्टर और अपर कलेक्टर ही दो स्तर निर्धारित रहें। साथ ही कहा कि कोई भी पत्र लंबित न रहे, प्राप्त होने वाली शिकायतों व पत्रों का शीघ्रता से निराकरण किया जाए। संबंधित शाखा प्रभारी समय-समय पर निरीक्षण सुनिश्चित करें।

संभागायुक्त ने स्थापना शाखा का निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों के समयमान वेतनमान, विभागीय जांच, न्यायालयीन प्रकरण, स्वेच्छानुदान, सेवा पुस्तिका एवं हिट-एंड-रन प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने कलेक्टर न्यायालय के निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया कि न्यायालयीन प्रकरणों की निरन्तर समीक्षा कर गंभीरतापूर्वक निराकरण कराएं।

जवाब दावे समय पर प्रस्तुत किए जाएं। उन्होने निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया कि सभी अभिलेख अद्यतन स्थिति में रहें, यह सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर श्री पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर श्री सतीश राय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!