
खेलो मप्र यूथ गेम्स में हरदा के शौर्य और जय ने तैराकी में जीते पदक, अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिनिधित्व
हरदा / मध्य प्रदेश में आयोजित हो रहे ‘खेलो मप्र यूथ गेम्स’ के तहत जिला खेल और युवा कल्याण विभाग, नर्मदापुरम में संभाग स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में हरदा जिले के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। ब्लॉक समन्वयक सुश्री सलमा खान ने बताया कि हरदा के शौर्य सोनी ने 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही उन्होंने 100 मीटर फ्री स्टाइल में रजत पदक और 50 मीटर फ्री स्टाइल में तीसरा स्थान प्राप्त कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया तथा जय गुर्जर ने फ्री स्टाइल 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में रजत पदक प्राप्त किया।
इस प्रकार दोनों ही खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई। दोनों खिलाड़ी 27 जनवरी से इन्दौर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हरदा का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक श्री शशांक, जिला खेल अधिकारी सुश्री उमा पटेल, कोच श्री ज्ञान सिंह फूलरे ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।



















