
पुलिस अधीक्षक श्री शशांक द्वारा मध्य रात्रि में जिले के 04 थानों का किया औचक निरीक्षण
हरदा / पुलिस अधीक्षक जिला हरदा श्री शशांक द्वारा मध्य रात्रि में थाना सिविल लाईन, छिपाबड़, रहटगाँव एवं सिराली का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रात्रिकालीन ड्यूटी, गश्त व्यवस्था, थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, कार्यालयीन कार्यप्रणाली, अभिलेखों का संधारण, मालखाना, हवालात एवं सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का गहन निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा रात्रि में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा की समीक्षा की गई। उन्होंने थानों में दर्ज अपराधों, लंबित विवेचनाओं एवं शिकायतों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से शालीन व्यवहार, त्वरित कार्यवाही एवं संवेदनशील पुलिसिंग पर विशेष बल दिया एवं थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जानकारी संधारित करने वाले आंगतुक रजिस्टर का अवलोकन किया गया । मध्य रात्रि में किए गए औचक निरीक्षण से थाना स्तर पर अनुशासन, सतर्कता एवं कार्यकुशलता को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।



















