
सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान के तहत हरदा पुलिस का जनजागरूकता कार्यक्रम
हरदा / प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार जिला हरदा में पुलिस अधीक्षक हरदा श्री शशांक के निर्देशन में,दिनांक 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” थीम पर *राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह* चलाया जा रहा है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना एवं सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखना है।
इसी क्रम में यातायात पुलिस हरदा द्वारा शहर की कृषि उपज मंडी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों एवं किसानों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति प्रेरित किया गया। यातायात पुलिस द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी ट्रॉलियों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रूप से कराएं, ट्रॉलियों में सवारी बैठाकर परिवहन न करें, तथा ट्रॉली के पीछे रिफ्लेक्टर टेप/रेडियम पट्टी अवश्य लगवाएं, जिससे रात्रि के समय ट्रॉली दूर से दिखाई दे और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
इस अवसर पर 500 से अधिक नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया, 200 से अधिक ट्रॉलियों पर रेडियम रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए, यातायात नियमों से संबंधित पंपलेट वितरित कर नियमों की जानकारी दी गई, तथा भारत सरकार द्वारा संचालित राहगीर योजना, हिट एंड रन प्रतिकार योजना एवं कैशलेस उपचार योजना के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। हरदा पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें एवं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और बहुमूल्य जीवन की रक्षा की जा सके।




















