
मध्य रात्रि में पुलिस अधीक्षक श्री शशांक का औचक निरीक्षण, अस्त-व्यस्त मिले कर्मचारियों को लगाई फटकार
हरदा / जिले में पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ एवं अनुशासित बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री शशांक द्वारा मध्य रात्रि में जिले के विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, ड्यूटी रजिस्टर, मालखाना, हवालात तथा रात्रि ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान थाना कोतवाली के कर्मचारी अस्त-व्यस्त स्थिति में पाए गए, जिस पर पुलिस अधीक्षक द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई गई तथा भविष्य में ड्यूटी के दौरान पूर्ण अनुशासन एवं सतर्कता बरतने के सख्त निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ने रात्री में थाना कोतवाली , सिविल लाईन , टिमरनी, हंडिया ,का निरीक्षण किया एवं अधिकारीयों को निर्देशित किया कि रात्रि गश्त नियमित रूप से की जाए, थाना परिसर की साफ-सफाई एवं अभिलेखों का संधारण व्यवस्थित रखा जाए तथा आमजन से संबंधित शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चेतावनी दी कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का पालन सख्ती से किया जाए।




















