
हरदा में पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल, वनों की लकड़ी को कहें ‘ना’, गौकाष्ठ को कहें ‘हाँ’
हरदा / मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार इस वर्ष होली का त्योहार ‘स्वच्छ और स्वस्थ होली’ अभियान के तहत एक नए संकल्प के साथ मनाया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए हरदा जिले के विभिन्न नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक लकड़ी के स्थान पर गौकाष्ठ (गाय के गोबर से बनी लकड़ी) से होलिका दहन करने का निर्णय लिया गया है। इस अभियान का उद्देश्य वनों को कटने से बचाना और गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।
जिले में यहाँ-यहाँ होगा गौकाष्ठ से दहन
प्रशासन द्वारा जिले के प्रमुख स्थानों पर गौकाष्ठ की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जिसमें नगर पालिका हरदा शहर के 3 प्रमुख स्थानों पर, जनपद पंचायत खिरकिया क्षेत्र के 12 विभिन्न स्थानों पर, जनपद पंचायत हरदा (ग्रामीण) 12 चिन्हित स्थानों पर, जनपद पंचायत टिमरनी क्षेत्र के 20 स्थानों पर इस पर्यावरण-हितैषी पहल को लागू किया जा रहा है।
कलेक्टर की अपील
कलेक्टर श्री सिध्दार्थ जैन ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्राकृतिक और हर्बल रंगों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि जो संस्थाएं पूरी तरह से गौकाष्ठ आधारित होलिका दहन करेंगी, उन्हें जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा और मुख्यमंत्री की ओर से प्रशस्ति-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।




















