एआई टेक्नॉलॉजी के युग में इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग जरूरी – कलेक्टर

एआई टेक्नॉलॉजी के युग में इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग जरूरी – कलेक्टर

सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर विद्यार्थियों को दी गई इंटरनेट सुरक्षा की जानकारी

हरदा / कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने कहा कि एआई टेक्नॉलॉजी के युग में इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के लिये हम सब का जागरूक होना जरूरी है। उन्होने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से जरूरी है कि सोशल मीडिया पर हम हमारी जानकारी सावधानी से शेयर करें। साथ ही इसका दुरूपयोग होने से बचाएं। भविष्य में व्हाईस एवं वीडियो क्लोनिंग जैसी तकनीकी भी आएगी, जिसमें असली नकली की पहचान करना मुश्किल होगा। ऐसी तकनीकी के दुरूपयोग से बचने के लिये काफी सजगता की जरूरत है। यह भी जरूरी है कि हम सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रमित अथवा फेक सामग्री से प्रभावित न हों। श्री जैन मंगलवार को शासकीय पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में सेफर इंटरनेट डे के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।

कार्यक्रम में जिला सूचना एवं विज्ञान केन्द्र के अधिकारी श्री प्रविन्द्र यादव ने बताया कि डीपफेक वीडिया और क्लोन की गई आवाजें वास्तविक दिख सकती है। भावनात्मक रूप से प्रतिक्रिया करने से पहले विश्वसनीय स्रोतों से पुष्टि करें। उन्होने बताया कि एआई घोटाले अक्सर तात्कालिकता या भय पैदा करते हैं। कार्य करने से पहले रूकें, सोचें और सत्यापित करें। चिकित्सा, कानूनी या वित्तीय सलाह के लिये कभी भी केवल एआई पर निर्भर न रहें। वास्तविक विशेषज्ञों से परामर्श लें। वीडियो में अप्राकृतिक चेहरे, होंठ या आवाजें एआई हेरफेर के चेतावनी संकेत हैं। भावनात्मक कहानियाँ या तत्काल सहायता अनुरोध एआई जनित घोटाले हो सकते है, मदद करने से पहले सत्यापित करें।

इस दौरान पुलिस के सायबर सेल प्रभारी श्री उमेश ठाकुर ने सायबर ठगी से बचाव के लिये विद्यार्थियों को जागरूक किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती संगीता बिले भी मौजूद थी। कार्यक्रम का संचालन अतिथि विद्वान श्री बसंतसिंह राजपूत ने किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पीपीटी के माध्यम से इंटरनेट सुरक्षा एवं सायबर ठगी से बचाव की जानकारी दी गई।

Leave a Comment

error: Content is protected !!