
सुरक्षित युवा, नशामुक्त भविष्य: शिविर में गूंजी शपथ और सुरक्षा मंत्र
हरदा / हरदा आदर्श महाविद्यालय हरदा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर के षष्ठम दिवस की शुरुआत शुक्रवार को प्रभात फेरी की साथ की गई। इसके बाद परियोजना कार्य के अंतर्गत विद्यालय परिसर एवं पंचायत भवन के पास वृहद रूप से स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया गया। इस दौरान पहले से लगे पौधे एवं नए रोपित किए गए पौधों के थाला बनाये गये। बौद्धिक सत्र में जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवकों को साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा तथा नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में सूबेदार एवं यातायात प्रभारी श्री उमेश ठाकुर, साइबर सेल एवं साइबर सुरक्षा से श्री मनोज ठाकुर, ट्रैफिक थाना के प्रधान आरक्षक श्री महेश शर्मा तथा प्रयास सामाजिक संस्था के सीईओ एवं नशा मुक्ति मास्टर ट्रेनर श्री नीरज गुर्जर विशेष रूप से उपस्थित रहे। श्री मनोज ठाकुर ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहना बेहद आवश्यक है। अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने, अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने और मजबूत पासवर्ड रखने जैसी सावधानियों पर जोर दिया। श्री उमेश ठाकुर ने सड़क सुरक्षा एवं साइबर फ्रॉड के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद श्री महेश शर्मा ने यातायात विषय पर यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा जिम्मेदारी से वाहन चलाने का संदेश दिया। वहीं नशा मुक्ति पर श्री नीरज गुर्जर ने नशे को समाज के लिए गंभीर समस्या बताते हुए युवाओं से इससे दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों को साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में जागरूकता बढ़ाकर सुरक्षित और स्वस्थ समाज का निर्माण करना रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन सुश्री प्रीति राजपूत एवं श्री लक्की ओसवाल ने किया तथा आभार रासेयो कार्यक्रम अधिकारी सुश्री छाया लोगरे ने किया।
इस दौरान रासेयो कार्यक्रम अधिकारी श्री तपिश सोलंकी, सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्री महेंद्र सोलंकी, तथा सभी स्वयंसेवक उपस्थित रहे।




















