
मध्यप्रदेश सबसे तेज गति से रोजगार दिलाने वाला प्रदेश
प्रदेश में कृषि आधारित उद्योगों को दिया जा रहा है बढ़ावा
हरदा जिले में शहीद दीप सिंह चौहान सिंचाई उद्वहन परियोजना से टेल क्षेत्र के खेतों को मिलेगा पानी – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
हरदा में राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन कार्यक्रम में 199.79 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व 32.48 करोड़ रूपये के कार्यों का भूमि पूजन हुआ
हरदा / प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिये कार्य कर रही है। किसानों के हित में सरकार सदैव तत्पर है एवं कृषि आय बढ़ाने के लिये विभिन्न योजनाएं एवं अनुदान व्यवस्था लागू की है, जिसके फलस्वरूप प्रदेश में कृषि विकास के क्षेत्र में नित नये आयाम स्थापित हो रहे हैं। प्रदेश देश का तेजी से रोजगार दिलाने वाला प्रदेश बन रहा है। किसानों को उन्नत कृषि यंत्रों के उपयोग की सुविधा उपलब्ध कराने के लिये कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित किये गये हैं। सिंचाई के क्षेत्र में हरदा जिले को शतप्रतिशत सिंचित करने के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को हरदा में आयोजित राज्य स्तरीय कृषि आधारित कौशल विकास एवं कस्टम हायरिंग पर केन्द्रित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होने 199.79 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व 32.48 करोड़ रूपये के कार्यों का भूमि पूजन भी किया एवं विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एवं मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं सहकारिता मंत्री श्री विश्वास सारंग, विधायक श्री आर.के. दोगने, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गजेन्द्र शाह, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजेश वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरदा जिले में स्थापित शहीद दीप सिंह चौहान उद्वहन सिंचाई परियोजना से टेल क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिये पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले हरदा में आना कठिनाईयों भरा होता था, लेकिन अब हरदा में सड़कों का जाल बिछ गया है। उन्होने कहा कि आज हरदा को तीन सांदीपनि स्कूलों की सौगात भी मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश आज निरन्तर प्रगति की ओर अग्रसर है। वर्ष 2003 में लोगों को रात्रि में भी बिजली नहीं मिलती थी लेकिन आज गांव-गांव में चौबीस घंटे बिजली उपलब्ध हो रही है। इसी तरह गत बीस वर्षों में गेहूँ का समर्थन मूल्य भी बढ़ाया गया है। आगामी वर्षों में गेहूँ 2700 रूपये प्रति क्विंटल खरीदा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उड़द पर किसानों को 600 रूपये प्रति क्विंटल का बोनस दिया जाएगा। इसी तरह शासन ने गौशालाओं में गायों को रखरखाव के लिये 20 रूपये के अनुदान को बढ़ाकर 40 रूपये प्रति गाय कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसान गौशालाओं को भूसा उपलब्ध कराते है तो उन्हें भूसा बनाने की मशीन एवं अन्य साधनों की सहुलियत दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हर हाथ को काम और हर खेत को पानी पहुँचाया जा रहा है। नदी जोड़ो अभियान के तहत मध्यप्रदेश के राजस्थान की सीमा से सटे 13 जिलों में सिंचाई का प्रबन्ध होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि 2003 में मात्र 55 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध थी लेकिन हमारी सरकार ने विगत 20 वर्ष में 55 लाख हेक्टेयर तक सिंचाई सुविधा का विस्तार किया है और आगामी 5 वर्ष में लगभग 100 लाख हेक्टेयर तक सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होने कहा कि प्रदेश के किसानों के बच्चों को कृषि शिक्षा के क्षेत्र में उन्नत बनाने के लिये कृषि महाविद्यालयों के अलावा अब विश्वविद्यालयों में भी बीएससी कृषि का पाठ्यक्रम प्रारम्भ किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कारखानों पर काम करने वाले युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के लिये कारखाने में काम करने वाले युवाओं को 5 हजार रूपये प्रोत्साहन राशि देने की योजना लागू की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम इस वर्ष कृषक कल्याण वर्ष मना रहे है। इसमें 17 विभागों को जोड़ा गया है। पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन करने वाले किसानों को बढ़ावा दिया जाएगा, इससे किसान समृद्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरदा में निवास करने वाले लोग भाग्यशाली हैं क्योंकि हरदा जिला सिंचाई, बिजली और पानी में आत्मनिर्भर है।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित सभी लोगों का आह्वान किया कि वे नरवाई न जलाएं। उन्होने कहा कि नरवाई जलाने से खेत के पोषक तत्व, कीट पतंग, लोगों की फसल, घर नष्ट हो जाते है एवं भूमि की उर्वरा शक्ति कमजोर होती है। मुख्यमंत्री ने यशोदा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि ये योजना सरकारी स्कूलों में लागू की जाएगी। इस योजना के तहत बच्चों के बेहतर सेहत के लिये उन्हें दूध दिया जाएगा।
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं मध्यप्रदेश के खेल एवं सहकारिता मंत्री श्री विश्वास सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव किसानों के हित में निरन्तर कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश को सशक्त प्रदेश बनाने का कार्य किया है। किसानों के हित में समर्थन मूल्य, बोनस एवं भावान्तर योजना के द्वारा किसानों को लाभान्वित किया है। उन्होने कहा कि आज राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित 75 सहकारिता निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है। कार्यक्रम में विधायक श्री आर.के. दोगने ने भी संबोधित किया। इसके पहले पूर्व कृषि मंत्री श्री कमल पटेल ने स्वागत भाषण दिया।
कस्टम हायरिंग प्रदर्शनी का किया अवलोकन, कोड मल्टी टूल बार का किया संचालन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में कस्टम हायरिंग द्वारा लगाई गई कृषि आधारित आधुनिक उपकरणों की प्रदर्शनी देखी। इस दौरान उन्होने अधिकारियों से उपकरणों के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने इस दौरान स्वचलित मल्टी टूल बार का संचालन किया। यह उपकरण सीमांत किसानों के लिये सबसे उपयुक्त होता है एवं बागवानी व इंटर कल्टीवेशन के लिये आदर्श है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसान कल्याण वर्ष में कृषि योजनाओं के प्रचार प्रसार व नरवाई प्रबन्धन के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिये कृषि रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
पुष्पों की वर्षा कर किया किसानों का अभिनन्दन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में मंच से पुष्पों की वर्षा कर उपस्थित किसानों व जनसमुदाय का अभिनन्दन किया।
एक जिला एक उत्पाद के तहत बांस के प्लांटर भेंट किये
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक जिला एक उत्पाद के तहत बांस के प्लांटर भेंट किये गये। उल्लेखनीय है कि जिले में एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत बांस के उत्पाद का चयन किया गया है।
नरवाई प्रबन्धन पर शॉर्ट फिल्म का हुआ प्रदर्शन
कार्यक्रम में कृषि विभाग द्वारा नरवाई प्रबन्धन के संबंध में शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान ग्राम नहालखेड़ा के बीएससी कृषि के छात्र श्री अनिकेत लोढ़वाल ने सुपर सीडर से नरवाई प्रबन्धन पर अपने अनुभव साझा किये।
लगभग 3248.71 लाख रूपये के विकास कार्यों का होगा भूमि पूजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव किसान सम्मेलन में विकासखण्ड टिमरनी में 253 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाले नवीन 33/11 के.व्ही. आलमपुर उपकेन्द्र क्षमता 5 एम.व्ही.ए., विकासखण्ड हरदा अंतर्गत 37.50 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाले ग्राम पंचायत कोलीपुरा व 37.50 लाख रूपये से ग्राम पंचायत नीमगांव के नवीन पंचायत भवन, हरदा/खिरकिया विकासखण्ड अंतर्गत लगभग 1420.75 लाख रूपये की लागत से बनने वाले मसनगांव से कमताड़ा सिराली मार्ग में माचक नदी पर पुल एवं पहुँच मार्ग के निर्माण तथा खिरकिया में 1499.96 लाख रूपये की लागत से बनने वाले शासकीय महाविद्यालय भवन के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया।
लगभग 19979.97 लाख रूपये के 36 विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव किसान सम्मेलन में लगभग 19979.97 लाख रूपये की लागत से जिले में निर्मित 36 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें प्रमुख रूप से 51 लाख रूपये की लागत से शासकीय माध्यमिक विद्यालय सोडलपुर, 51 लाख रूपये की लागत से निर्मित शासकीय माध्यमिक विद्यालय टेमागांव, 123.20 लाख रूपये की लागत से निर्मित हायर सेकण्ड्री स्कूल भवन टेमागांव में 4 क्लास रूम एवं 3 प्रयोगशाला, 3095 लाख रूपये की लागत से निर्मित शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करताना, 306.80 लाख रूपये की लागत से निर्मित ग्राम चन्द्रखाल में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन मय 1 जी टाइप एवं 1 एच टाइप आवासीय गृह निर्माण, 51 लाख रूपये की लागत से शासकीय माध्यमिक विद्यालय हंडिया, 43.26 लाख रूपये की लागत से शासकीय प्राथमिक विद्यालय आमसागर, 3649 लाख रूपये की लागत से निर्मित शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अबगांवकला, 3990 लाख रूपये की लागत से निर्मित शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खिरकिया, 3363 लाख रूपये की लागत से निर्मित जिला चिकित्सालय हरदा का सौ बिस्तरीय से 200 बिस्तरीय में उन्नयन कार्य एवं क्रिटीकल केयर हॉस्पिटल ब्लाक निर्माण, 306.80 लाख रूपये से निर्मित ग्राम मगरधा में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन मय 1 जी टाइप एवं 1 एच टाइप आवासीय गृह, 139.50 लाख रूपये से मकड़ाई में निर्मित 50 सीटर बालक छात्रावास भवन, 268 लाख रूपये से निर्मित नवीन 33/11 के.व्ही. अहलवाड़ा उपकेन्द्र क्षमता 5 एम.व्ही.ए., 65-65 लाख रूपये से खुदिया, छीपानेर व आलमपुर में निर्मित उप स्वास्थ्य केन्द्र, 159 लाख रूपये से मसनगांव में निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, 7.22 लाख रूपये से ग्राम बावड़िया में निर्मित सामुदायिक हाल निर्माण तथा 4.22 लाख रूपये से ग्राम चारूवा में निर्मित सामुदायिक हाल निर्माण, 81.86 लाख रूपये से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तृतीय चरण सबमर्सिबल पुल निर्माण कार्य अंतर्गत चारखेड़ा से सोडलपुर मार्ग पर आर.डी. 390 मी. लम्बाई 21.40 मीटर, 110.45 लाख रूपये की लागत से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तृतीय चरण सबमर्सिबल पुल निर्माण कार्य अंतर्गत चारखेड़ा से सोडलपुर मार्ग पर आड़ी 430 मी. 26.10 मीटर, 56.40 लाख रूपये की लागत से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तृतीय चरण सबमर्सिबल पुल निर्माण कार्य अंतर्गत चारखेड़ा से सोडलपुर मार्ग पर आरडी 2555 मीटर लम्बाई 16.90 मीटर, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तृतीय चरण चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य अंतर्गत 391.16 लाख रूपये की लागत से चारूवा से जुनापानी मार्ग निर्माण लम्बाई 14.764 कि.मी., 421.82 लाख रूपये की लागत से अबगांव कला से भैरापुर मार्ग निर्माण लम्बाई 5.70 कि.मी., 1426.59 लाख रूपये की लागत से हंडिया से अबगांव खुर्द मार्ग निर्माण लम्बाई 20.264 कि.मी., प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तृतीय चरण सबमर्सिबल पुल निर्माण कार्य अंतर्गत 155.79 लाख रूपये की लागत से चारूवा से जुनापानी मार्ग पर आरडी 8750 मी. लम्बाई 39.02 मीटर तथा 70.26 लाख रूपये से चारूवा से जुनापानी मार्ग पर आरडी 9350 मीटर लम्बाई 21.50 मीटर का लोकार्पण शामिल है।
इसके अलावा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अंतर्गत 72.87 लाख रूपये से ग्राम बरकला में निर्मित नल जल योजना, 80.38 लाख रूपये से ग्राम लोटिया में निर्मित नल जल योजना, ग्राम हिरापुर में 122.61 लाख रूपये की लागत से निर्मित नल जल योजना तथा ग्राम नयापुरा में 24.01 लाख रूपये से निर्मित नल जल योजना, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत 99.72 लाख रूपये से ग्राम हंडिया में नर्मदा नदी पर घाट निर्माण तथा 79.80 लाख रूपये से निर्मित बड़झिरी से लाखादेह की ओर 1.566 कि.मी. सीसी रोड़ निर्माण, लोक निर्माण विभाग अंतर्गत 265.12 लाख रूपये से गुल्लास से हंडिया मार्ग में सुकमा नदी पर पुल एवं पहुँच मार्ग निर्माण, 418 लाख रूपये से पहटकला से ढोलगांवकला मार्ग में सयानी नदी पर पुल एवं पहुँच मार्ग तथा लगभग 300.13 लाख रूपये से निर्मित रन्हाईकला से कुकरावत मार्ग में मटकुल नदी पर पुल एवं पहुँच मार्ग निर्माण का भी लोकार्पण किया।
हितग्राहियों को हितलाभ वितरण तथा नवनियुक्त अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा 2023 में सहकारिता विभाग में चयनित 75 नव नियुक्त सहकारी निरीक्षक व सहकारी विस्तार अधिकारियों को नियुक्त आदेश वितरित किये। इस दौरान उन्होने सांकेतिक रूप से सतना जिले की सुश्री श्रेया सिंह चंदेल, बैतूल जिले के श्री रोहन उईके पिता श्री रामकिशोर उईके तथा हरदा के श्री अशोक कुमार लिल्होरे को नियुक्त पत्र प्रदान किये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मिशन कोड शक्ति अंतर्गत कोडिंग लर्निंग दक्षता अर्जित करने वाले विद्यार्थियों शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिराली की भावना विश्वकर्मा व अश्विनी चौहान को प्रमाण-पत्र प्रदान किये।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत मध्यप्रदेश डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 47 स्वसहायता समूहों को बैंक लिंकेज की राशि रूपये 201.79 लाख रूपये वितरित किये। उन्होने मंच से सांकेतिक रूप से मंगलम आजीविका स्वसहायता समूह अबगांवखुर्द श्रीमती रजवंती कुशवाह को स्वीकृति पत्र प्रदान किये। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि विभाग अंतर्गत विभिन्न योजनाओं को हितग्राहियों को अनुदान राशि के स्वीकृति पत्र वितरित किये। उन्होने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना अंतर्गत ड्रीप के लिये ग्राम सोनतलाई की श्रीमती गुलाब बाई रामभरोस को एक लाख 37 हजार 109 रूपये, कस्टम हायरिंग योजना अंतर्गत निजी कस्टम हायरिंग केन्द्र के लिये ग्राम मण्डी सेल के श्री रविन्द्र निकुम को 8 लाख 30 हजार 444 रूपये तथा बैतूल जिले के श्री हरिराम को 9 लाख 08 हजार 785 रूपये, कस्टम हायरिंग योजना अंतर्गत उज्जैन जिले के श्री अशोक पन्नालाल राठौर को बेलर के लिये 6 लाख 60 हजार रूपये, जिला देवास के गौतम गोपाल मीणा को नरवाई प्रबन्धन के लिये 8 लाख 43 हजार 430 रूपये, नर्मदापुरम जिले के श्री विपिन सिंग को सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन के अंतर्गत धान स्ट्रा सप्लाई चेन के लिये 9 लाख 75 हजार रूपये तथा ग्वालियर जिले के श्री अमन गौर को सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन के तहत कस्टम हायरिंग के लिये 9 लाख 37 हजार 800 रूपये की अनुदान राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किये। इसी प्रकार मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नरवाई प्रबन्धन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसान हरदा जिले के ग्राम तजपुरा के श्री सुनील जगदीश बसवाना, रीवा जिले के श्री सुरेन्द्र कुमार कुशवाहा तथा छिंदवाड़ा जिले के श्री विपिन धुर्वे को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गजेन्द्र शाह ने किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दर्शन सिंह गेहलोत, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।




















