बच्चे को बच्चा नहीं, भविष्य का नागरिक समझें

स्वयं के बच्चों की तरह विद्यार्थियों को शिक्षित करें अध्यापक बोर्ड परीक्षा परिणामों में कमजोर प्रदर्शन करने पर शिक्षक होंगे पदावनत

दृष्टिदोष से पीड़ित 5 से 8 वीं तक के बच्चों का होगा निःशुल्क नेत्र परीक्षण, मिलेंगे चश्में

हरदा/ कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने की शिक्षकों से अपेक्षा करते हुए कहा है कि वे निरन्तर प्रयास कर विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों में सुधार लाएं, जिन विषयों में विद्यार्थी कमजोर है, उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें। बोर्ड परीक्षाओं में प्री बोर्ड के प्रश्न पत्र सम्पन्न होने के पश्चात विद्यार्थियों से कमजोर विषयों पर अवश्य चर्चा करें एवं उनको बेहतर तरीके से प्रश्न पत्र हल करने के टिप्स दें। उन्होने कहा है कि आगामी बोर्ड परीक्षाओं में कमजोर परीक्षा परिणाम लाने वाले शिक्षकों को पदावनत करने की कार्यवाही की जाएगी। इसके लिये कमजोर परीक्षा परिणाम वाले स्कूलों के शिक्षकों को अभी से नोटिस जारी किये जाएं।

मंगलवार को आयोजित शिक्षा विभाग के मैदानी अधिकारियों व संकुल प्राचार्यों की बैठक में कलेक्टर ने दो टूक शब्दों में कहा कि जिले के किसी भी स्कूल का कमजोर परीक्षा परिणाम स्वीकार नहीं किया जाएगा। शिक्षकों को विद्यार्थियों के साथ पूरी तल्लीनता के साथ मेहनत करना जरूरी है। हमारा प्रयास हो कि कोई भी विद्यार्थी परीक्षा में अनुत्तीर्ण न रहे। प्रत्येक शिक्षक अपने विद्यार्थियों को उसी तरह से पढ़ाए जैसे वह स्वयं के बच्चों को शिक्षित करता है। बैठक में कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के तहत संचालित कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। इस दौरान उन्होने कहा कि 5 से 8 वीं कक्षाओं में अध्ययनरत दृष्टिदोष से पीड़ित विद्यार्थियों का नेत्र परीक्षण किया जाए एवं उन्हें निःशुल्क चश्में प्रदाय किये जायें।

उल्लेखनीय है कि जिले में 8 वीं से 12 वीं तक के विद्यार्थियों का पूर्व में ही नेत्र परीक्षण कराकर निःशुल्क चश्में प्रदाय किये जा चुके है। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सभी पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में शिक्षकों की ई-अटेण्डेन्स की स्थिति की भी समीक्षा की गई। साथ ही स्मार्ट क्लास, 12 जनवरी को आयोजित होने वाले सूर्य नमस्कार, निःशुल्क पाठ्य पुस्तक एवं साइकिल वितरण जैसी योजनाओं की प्रगति से भी कलेक्टर अवगत हुए।

शिक्षकों के लंबित पेंशन प्रकरणों की स्थिति की भी बैठक में जानकारी दी गई। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी.एस. रघुवंशी, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग श्री रवि कन्नौजिया, सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक श्री बलवन्त सिंह पटेल सहित शिक्षा विभाग के मैदानी अधिकारी एवं संकुल प्राचार्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!