जागरूकता से सशक्तिकरण: हरदा पुलिस का व्यापक प्रशिक्षण – कानून, साइबर सुरक्षा और नशे के खिलाफ जंग

पुलिस कंट्रोल रूम हरदा में कानून, यातायात, साइबर अपराध एवं नशा मुक्ति विषयों पर व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

हरदा / पुलिस कंट्रोल रूम हरदा में पुलिस अधीक्षक श्री शशांक के निर्देशन में जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों हेतु एक दिवसीय बहु-विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के अति. पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार मिश्रा, समस्त अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), उप पुलिस अधीक्षक, जिले के सभी थाना प्रभारी, रक्षित निरीक्षक, उप निरीक्षक/सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक सहित कुल 100 अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल को नवीन आपराधिक कानून की जानकारी , यातायात प्रबंधन एवं सड़क सुरक्षा, सायबर अपराधों की रोकथाम, नशा मुक्ति, एम.एल.सी. प्रक्रिया एवं वित्तीय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक एवं अद्यतन जानकारी प्रदान करना रहा। प्रशिक्षण सत्र में सत्र न्यायाधीश जिला हरदा श्री अरविन्द रघुवंशी एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री लवकेश सिंह द्वारा नए आपराधिक अधिनियमों के संबंध में विधिक प्रावधानों, विवेचना की प्रक्रिया तथा न्यायालयीन कार्यवाही में बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। पूर्व रिटायर्ड अपर पुलिस अधीक्षक, पीटीआरआई पुलिस मुख्यालय भोपाल श्री एस.एस. लल्ली द्वारा यातायात प्रबंधन एवं सड़क सुरक्षा विषय पर प्रशिक्षण देते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने, प्रभावी यातायात नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा के उपायों पर विशेष जोर दिया गया।

सायबर विशेषज्ञ श्री कुलदीप वर्मा द्वारा सायबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी एवं डिजिटल सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई तथा उनसे बचाव एवं रोकथाम के व्यावहारिक उपाय बताए गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी हरदा श्री हरेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा नशा मुक्ति अभियान, नशे के दुष्परिणाम एवं मेडिको लीगल केस (एम.एल.सी.) से संबंधित प्रक्रियाओं पर प्रशिक्षण दिया गया।
वहीं वित्तीय विशेषज्ञ श्री अखिलेश सोनी द्वारा वित्तीय प्रबंधन, शासकीय व्यय एवं वित्तीय अनुशासन पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी अतिथि वक्ताओं एवं प्रशिक्षण प्रदान करने वाले विशेषज्ञों को पुलिस अधीक्षक श्री शशांक द्वारा स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री शशांक द्वारा कहा गया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस बल की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने एवं जनसेवा को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं व्यवहारिक बताया

Leave a Comment

error: Content is protected !!