प्रभारी कलेक्टर ने किया उपार्जन केंद्रों और जल गंगा संवर्धन कार्यों का औचक निरीक्षण

प्रभारी कलेक्टर ने किया उपार्जन केंद्रों और जल गंगा संवर्धन कार्यों का औचक निरीक्षण

हरदा / प्रभारी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हरदा श्रीमती अंजली जोसफ जोनाथन ने गुरूवार को चना एवं मसूर उपार्जन केन्द्रों, ग्रामीण विकास विभाग के कार्य तथा जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती जोसफ ने कृषि उपज मंडी टिमरनी एवं हरदा का भ्रमण कर उपार्जन शेड, पेयजल व्यवस्था, कंट्रोल रूम की स्थापना, साफ-सफाई तथा सीसीटीवी कैमरे आदि व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने तथा उपार्जन केन्द्रों पर आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो इस हेतु संबंधित मंडी सचिवों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती जोसेफ ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्राम पंचायत चारखेड़ा, बरकला, मनियाखेड़ी तथा आलमपुर के शासकीय भवनों में निर्माणाधीन रैन वाटर हार्वेस्टिंग के कार्यों का निरीक्षण किया। ऐसे शासकीय भवन जिनमें पूर्व से रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम नहीं हैं, वहां आगामी 7 दिवस में रैन वाटर हार्वेस्टिंग कार्यों को लेने के निर्देश सीईओ जनपद पंचायत, सहायक यंत्री, उपयंत्री एवं ग्राम पंचायतों को दिए गए।

इसके साथ ही ग्राम पंचायत आलमपुर में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत निर्मित कुआ रिचार्ज के कार्य का निरीक्षण किया गया एवं पंचायत भवन में स्थापित हैंडपंप के पास जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत सोक पिट बनाने के निर्देश ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक को दिए गए।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत मनियाखेड़ी में एकीकृत माध्यमिक शाला एवं आंगनवाड़ी केन्द्र मनियाखेड़ी व चारखेड़ा का निरीक्षण कर उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया गया साथ ही उपस्थित बच्चों से चर्चा कर मध्यान्ह भोजन मेन्यू के बारे जानकारी ली गई तथा मध्यान्ह भोजन में उपयोग होने वाली सामग्री का अवलोकन भी किया गया। ग्राम पंचायत चारखेड़ा में पोषण वाटिका, ग्राम पंचायत बरकला में निर्माणाधीन ग्राम पंचायत भवन का निरीक्षण कर भवन में रैन वाटर हार्वेस्टिंग का कार्य जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत लिए जाने के निर्देश ग्राम पंचायत एवं जनपद पंचायत अमले को दिए गए।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के निरीक्षण के दौरान सीईओ जनपद पंचायत टिमरनी सुश्री चेतना पाटिल, सहायक यंत्री श्री प्रवीण वर्मा, उपयंत्री तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!